*कलेक्टर ने अनोखे अंदाज में किया बीएलओ का सम्मान : मॉल में पसंदीदा फिल्म दिखाने के साथ कराया सपरिवार लंच ! उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 बीएलओ सम्मानित*
बिलासपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बेलपान की बीएलओ दशमत ध्रुव को कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर शत प्रतिशत डिजिटाईजेशन का कार्य पूरा किया। आज बीएलओ दशमत ध्रुव को पुरस्कार स्वरूप परिवार सहित मैग्नेटो मॉल में फिल्म दिखाने और लंच की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई।

दशमत ध्रुव ने बताया कि वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और उन्हें बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई। उनके क्षेत्र के 420 मतदाताओं का पूरा डेटा ऑनलाइन एंट्री के साथ उन्होंने समय पर पूरा किया। उन्होंने कहा कि गांव में बाहर से आई बहुओं के डेटा एकत्र करने में प्रारंभिक कठिनाई आई, लेकिन उन्हें पूरी जानकारी समझाने के बाद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो सके। इससे उनका संपूर्ण कार्य समय पर पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि वे अपना कार्य पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से किया जिससे लक्ष्य पूरा हो सका। उन्होंने कहा कि कलेक्टर द्वारा सम्मानित किए जाने पर वे बहुत खुश है और गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। साथ ही पुरस्कार स्वरूप परिवार साहित फिल्म देखने और लंच ने उनके उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है, भविष्य में भी अपने कार्य और दायित्व का निर्वहन बेहतर ढंग से करेंगे। उन्होंने बताया कि मॉल में उन्होंने 120 बहादुर फिल्म का आनंद लिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 बीएलओ को कलेक्टर ने किया सम्मानित
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य में शत प्रतिशत डिजिटाईजेशन व उत्कृष्ट कार्य करने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कलेक्टर कार्यालय में आज 13 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गहन पुनरीक्षण कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने पर विधानसभा क्षेत्र कोटा के बीएलओ श्रवण कुमार यादव, अमरिका बाई, श्रीमती शैल जगत, तखतपुर की श्रीमती रेणु खांडे, मस्तुरी की खेमतला, शारदा ओरकेरा, दिनेश कुमार भारती, उर्वशी जगत, संतोषी मरकाम, सुकृता पावले, बिल्हा की नीली डहरिया, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ प्रशांत शर्मा, अवधेश विमल को सम्मानित किया। इन सभी बीएलओ ने मतदाता पुनरीक्षण के अंतर्गत गणना पत्रक वितरण, पत्रक भरवाने, प्राप्त फॉर्म की पूर्ण संग्रहण और उनके ऑनलाईन एंट्री जैसे महत्वपूर्ण चरणों को दक्षता और समयबद्धता के साथ शत प्रतिशत पूरा किया।
ब्यूरो रिपोर्ट


